School Holidays: मध्यप्रदेश में इन दिनों भीषण ठंड और घने कोहरे का असर देखा जा रहा है. भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, नीमच और रतलाम समेत कई जिलों में विजिबिलिटी बेहद कम रही. शीतलहर के कहर के कारण कई जगहों पर नर्सरी से लेकर आठवीं कक्षा तक स्कूलों की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं, तो कहीं स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है.
ग्वालियर में दो दिन का अवकाश घोषित
ग्वालियर जिले में 5 और 6 जनवरी को कक्षा 8वीं तक के लिए अवकाश घोषित किया गया है. कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर यह आदेश जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी किया गया. आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और यात्रा की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. यह आदेश एमपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई से मान्यता प्राप्त सभी स्कूलों पर लागू होगा.
उज्जैन में नर्सरी से पांचवीं तक छुट्टी
उज्जैन में भीषण ठंड के चलते 5 जनवरी (सोमवार) को कक्षा नर्सरी से लेकर कक्षा 5वीं तक के लिए अवकाश घोषित किया गया है. जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार खत्री द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सभी बोर्ड (शासकीय/अशासकीय, CBSE, ICSE) के स्कूलों में यह निर्णय लागू होगा.
नीमच में शीतलहर के चलते स्कूल बंद
नीमच में 5 और 6 जनवरी 2026 को कक्षा नर्सरी से आठवीं तक के छात्रों के लिए छुट्टी घोषित की गई है. कलेक्टर हिमांशु चंद्रा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि शीतलहर की तीव्रता को देखते हुए यह कदम उठाया गया है.
मंदसौर में भी दो दिन की छुट्टी
मंदसौर जिले में 5 और 6 जनवरी को सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है. आदेश के अनुसार, यह अवकाश नर्सरी से लेकर कक्षा आठवीं तक के छात्रों पर लागू रहेगा. ठंड के चलते छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया.
रतलाम में भी छुट्टी की घोषणा
रतलाम में भी प्रशासन ने 5 और 6 जनवरी को छुट्टी घोषित कर दी है. जिले में नर्सरी से 8वीं तक के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है
राजगढ़ में भी कड़ाके की ठंड से छुट्टी
राजगढ़ में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा 5 और 6 जनवरी को अवकाश घोषित किया गया है. आदेश में लिखा गया है कि शीतलहर और अत्यधिक ठंड के कारण बच्चों की सेहत और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है. सभी बोर्डों के स्कूलों (CBSE/ICSE सहित) पर यह आदेश लागू होगा.
शाजापुर में भी स्कूल बंद
शाजापुर जिले में भी 5 और 6 जनवरी को कक्षा नर्सरी से 8वीं तक के लिए छुट्टी घोषित की गई है. जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शिप्रे ने बताया कि तापमान में गिरावट और शीतलहर को देखते हुए यह आदेश जारी किया गया है.
भोपाल में स्कूल खुलेंगे 9:30 बजे के बाद
भोपाल जिले में स्कूल बंद तो नहीं हुए हैं, लेकिन स्कूलों का समय बदल दिया गया है. जिला शिक्षा अधिकारी एन के अहिरवार ने निर्देशित किया है कि नर्सरी से आठवीं तक की कक्षाएं सुबह 9:30 बजे के बाद ही शुरू होंगी. यह आदेश सभी सरकारी, प्राइवेट, सीबीएसई, आईसीएसई और मदरसों पर लागू होगा.
सागर में भी बदला गया स्कूल का टाइमटेबल
सागर जिले में भी कक्षा नर्सरी से 8वीं तक के लिए कक्षाएं 9:30 बजे से पहले नहीं लगाई जाएंगी. आदेश में बताया गया है कि सभी प्रकार के विद्यालयों (सरकारी/निजी/सीबीएसई/आईसीएसई/अनुदान प्राप्त/अन्य मान्यता प्राप्त) पर यह निर्देश लागू होगा.
कब-कहां क्या आदेश हुआ, जानें एक नजर में
| जिला | आदेश | कक्षा | तारीख |
|---|---|---|---|
| ग्वालियर | स्कूल बंद | नर्सरी-8वीं | 5 और 6 जनवरी |
| उज्जैन | स्कूल बंद | नर्सरी-5वीं | 5 जनवरी |
| नीमच | स्कूल बंद | नर्सरी-8वीं | 5 और 6 जनवरी |
| मंदसौर | स्कूल बंद | नर्सरी-8वीं | 5 और 6 जनवरी |
| रतलाम | स्कूल बंद | नर्सरी-8वीं | 5 और 6 जनवरी |
| राजगढ़ | स्कूल बंद | नर्सरी-8वीं | 5 और 6 जनवरी |
| शाजापुर | स्कूल बंद | नर्सरी-8वीं | 5 और 6 जनवरी |
| भोपाल | समय बदला | नर्सरी-8वीं | 6 जनवरी से लागू |
| सागर | समय बदला | नर्सरी-8वीं | 6 जनवरी से लागू |
ठंड का असर गहराता जा रहा है
राज्य के अलग-अलग हिस्सों में पड़ रही भीषण ठंड और कोहरे की वजह से लगातार स्कूलों पर असर पड़ रहा है. प्रशासनिक स्तर पर लिया गया यह निर्णय छात्रों की सेहत और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण है. यदि आने वाले दिनों में मौसम में कोई खास सुधार नहीं हुआ, तो स्कूलों में अवकाश की अवधि और बढ़ाई जा सकती है
माता-पिता और स्कूल प्रशासन के लिए सुझाव
- छोटे बच्चों को गर्म कपड़े पहनाकर ही स्कूल भेजें.
- यदि स्कूल समय बदला गया है, तो नए समय अनुसार बच्चों की दिनचर्या तैयार करें.
- विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि हीटर, गर्म पानी और उचित सुरक्षा की व्यवस्था स्कूल में सुनिश्चित की जाए.
- बच्चों को ठंडी चीज़ें खाने-पीने से बचाएं और गर्म पेय देने की कोशिश करें.