School Holidays: मध्यप्रदेश इन दिनों शीतलहर और घने कोहरे की चपेट में है. लगातार गिरते तापमान और सुबह के समय दृश्यता कम होने की वजह से राज्य के कई जिलों में स्कूलों की छुट्टियां घोषित की जा रही हैं. सोमवार को श्योपुर, झाबुआ, छतरपुर, दमोह, पन्ना, सीधी और नर्मदापुरम सहित कई जिलों में प्रशासन ने स्कूलों में अवकाश का निर्णय लिया है. कुछ जिलों में स्कूल समय में भी बदलाव किया गया है.
छतरपुर में दो दिन की छुट्टी
छतरपुर जिले में शीतलहर और तापमान में गिरावट को देखते हुए 6 और 7 जनवरी 2026 को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है. यह आदेश नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के छात्रों के लिए लागू होगा. आदेश के मुताबिक अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए है, शिक्षक एवं स्टाफ को विद्यालय में उपस्थित रहकर शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य पूरे करने होंगे.
श्योपुर में भी दो दिन का अवकाश
श्योपुर जिले में बढ़ती ठंड को देखते हुए 6 और 7 जनवरी 2026 को दो दिन की छुट्टी घोषित की गई है. कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी किया. नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में अवकाश रहेगा. परीक्षाएं यथावत होंगी और शिक्षक विद्यालय में उपस्थित रहेंगे.
झाबुआ में 4 दिन की छुट्टी
झाबुआ जिले में 6 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है. यह आदेश प्ले ग्रुप से लेकर कक्षा 3 तक के छात्रों के लिए लागू है. सीबीएसई, अशासकीय और अन्य सभी बोर्ड से संबद्ध स्कूलों पर यह आदेश प्रभावी रहेगा. कक्षा 4 से ऊपर की कक्षाएं पहले जारी निर्देशों के अनुसार ही संचालित होंगी.
नर्मदापुरम में दो दिन का अवकाश
नर्मदापुरम जिले में 6 और 7 जनवरी को नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश रहेगा. आदेश सभी शासकीय, अशासकीय, नवोदय, सीबीएसई, केंद्रीय बोर्ड और अनुदान प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा. परीक्षाएं और अन्य गतिविधियां पूर्ववत जारी रहेंगी. शिक्षकों को विद्यालय में उपस्थिति अनिवार्य होगी.
सीधी में 8 जनवरी तक स्कूल बंद
सीधी जिले में पहले घोषित अवकाश 4 जनवरी तक था. लेकिन 5 जनवरी को जब स्कूल खुले, तब ठंड के अत्यधिक प्रभाव को देखते हुए कलेक्टर ने 8 जनवरी 2026 तक अवकाश बढ़ा दिया. यह आदेश सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा.
पन्ना में दो दिन की छुट्टी घोषित
पन्ना जिले की कलेक्टर ऊषा परमार ने ठंड को देखते हुए 6 और 7 जनवरी को दो दिन की छुट्टी घोषित की है. यह अवकाश नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के छात्रों के लिए होगा. आदेश सभी स्कूलों पर प्रभावी रहेगा.
दमोह में 6 जनवरी को अवकाश
दमोह में भीषण ठंड को ध्यान में रखते हुए 6 जनवरी 2026 को अवकाश घोषित किया गया है. यह आदेश प्री-प्राइमरी से कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों और आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए है.
कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव
जबलपुर जिले में 6 जनवरी तक छुट्टी घोषित की गई है. वहीं, सिवनी कलेक्टर शीतला पटले ने आदेश दिया है कि नर्सरी से 8वीं तक की कक्षाएं सुबह 9:30 बजे से पहले नहीं लगाई जाएंगी.
- शहडोल और उमरिया में स्कूल सुबह 11 बजे से संचालित होंगे.
- रीवा और मऊगंज में सभी कक्षाएं सुबह 10 बजे के बाद शुरू होंगी.
- सतना और मैहर में नर्सरी से 8वीं तक की कक्षाएं सुबह 10 बजे से संचालित की जा रही हैं.
बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए लिया गया निर्णय
प्रशासनिक स्तर पर लिए गए यह फैसले बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए लिए गए हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि इस मौसम में बच्चों को ठंडी हवा और कोहरे से दूर रखना जरूरी है, क्योंकि इससे सांस की बीमारियों, वायरल संक्रमण और ठंड लगने का खतरा बढ़ जाता है.